देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून नगर निगम में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि के मानवीय मूल्यों और आदर्शों को याद करते हुए प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों का मानदेय जल्द बढ़ाने की बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नगर निगम में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि रामायण के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मानवीय मूल्यों को पूरी दुनिया तक पहुंचाया। महर्षि वाल्मीकि का जीवन संदेश देता है कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके ज्ञान, कर्म और समाज के प्रति योगदान से होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, वंचितों, अनुसूचित जाति-जनजाति और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिला है। इस अवसर पर मेयर देहरादून सौरभ थपिलियाल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, अध्यक्ष महानगर भाजपा सिद्धार्थ अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, अशोक वर्मा, नगर आयुक्त आलोक पांडे, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


