देहरादून। रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952 के तत्वावधान में गुरुनानक मैदान, रेसकोर्स में आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव के पहले दिन लोक संस्कृति व संगीत ने दर्शकों का मन मोह लिया। सोमवार को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं को समर्पित इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंत्री खजान दास, विधायक विनोद चमोली और प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने किया।
महोत्सव के पहले दिन उत्तरकाशी के युवा कलाकारों के पंचतत्वा बैंड ने अपनी ऊर्जावान और मधुर धुनों से ऐसा समां बांधा की दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम के दौरान कैलाश लीला और श्रीराम-सीता जन्म का अत्यंत भव्य मंचन किया गया, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो गए। मंत्री खजान दास ने कहा है कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगी। विधायक विनोद चमोली ने महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करते हैं।
समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि इस बार डिजिटल लाइव टेलीकास्ट के जरिए एक करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर पंचतत्वा बैंड के संस्थापक अनुराग नौटियाल, अरविन्द चौहान, प्रदीप पंचोला, वीरेंद्र बिष्ट, जावेद आलम, शाहिद आदि मौजूद रहे।


