देहरादून। डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग के तहत खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में फाइनेंस फ्लिकर्स और बैंकर्स जल-जेबी ने अपने-अपने मैच जीतकर शानदार सफलता हासिल की। एमपीएससी ग्राउंड में खेले गए पहले मुकाबले में ऋषिकेश कॉप्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फाइनेंस फ्लिकर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 163 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विनीत रावत ने महज 27 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 53 रनों की आक्रामक अर्धशतकीय पारी खेली। रोहित बडोनी ने 37 और अभिषेक राणा ने नाबाद 21 रन बनाए।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषिकेश कॉप्स की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 129 रन ही बना सकी। टीम के लिए लोकेश तिवारी ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। फाइनेंस फ्लिकर्स के गेंदबाज राजेंद्र सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में केवल 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि सौरभ उनियाल और अभिषेक ने भी 2-2 विकेट झटके। इस तरह फाइनेंस फ्लिकर्स ने मैच 34 रनों से अपने नाम किया। दिन के दूसरे मुकाबले में, राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बैंकर्स जल-जेबी ने एमडीडीए वॉरियर्स को 3 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमडीडीए वॉरियर्स की पूरी टीम 17.5 ओवरों में 86 रनों पर ही ढेर हो गई, जिसमें मनोज मन्नी ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। बैंकर्स जल-जेबी के अनुज कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बैंकर्स जल-जेबी की शुरुआत भी काफी लड़खड़ाई, लेकिन गेंद के बाद बल्ले से कमाल दिखाते हुए अनुज कुमार ने 38 गेंदों में 44 रनों (6 चौके, 1 छक्का) की मैच जिताऊ पारी खेली। टीम ने 17.1 ओवरों में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।


