देहरादून। राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और फॉगिंग में हो रही हीलाहवाली पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। मंगलवार को विधानसभा स्थित कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय संयुक्त विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि वर्तमान व्यवस्था से जनता बेहाल है। उन्होंने नगर निगम को 15 दिनों के भीतर शहर की पूरी सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने का सख्त अल्टीमेटम दिया है। मंगलवार को विधानसभा स्थित अपने मुख्य कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और तमाम लंबित पड़ी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय संयुक्त विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के चहुंमुखी विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और जिम्मेदार नुमाइंदे मौजूद रहे, जहां मंत्री ने एक-एक कर सभी विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को भविष्य के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर विशेष रूप से जोर दिया कि सफाई और कूड़ा उठान जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए भी यदि जनता को बार-बार शिकायत करनी पड़े और अधिकारियों को खुद टोकना पड़े, तो यह सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है, जिससे आम जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों के साथ विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के चल रहे कार्यों की प्रगति की पूरी जानकारी ली गई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी भूमिगत विद्युत लाइन के कार्य तय समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि जनता को निर्बाध बिजली मिल सके। इसके अलावा बैठक में चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी के निर्माण, सीवर लाइन बिछाने के कार्य, हरिद्वार रोड पर प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज के निर्माण, पेयजल से जुड़ी योजनाओं, परेड ग्राउंड तथा पलटन बाजार के लंबित पड़े विकास कार्यों को लेकर भी बेहद गंभीर चर्चा की गई। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और आपसी बेहतर समन्वय के साथ इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को सहूलियत मिल सके। बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे भी शामिल रहे।


