मसूरी। नगर पालिका प्रशासन की बेरुखी और गोल्फकार्ट का पंजीकरण व इंश्योरेंस न होने के कारण पिछले छह महीनों से भुखमरी का सामना कर रहे संचालकों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया है। मज़दूर संघ के बैनर तले संचालकों ने शहीद स्थल पर तीन दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह समेत अन्य नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर साफ चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में बदल जाएगा। मज़दूर संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह सहित वीरेंद्र सिंह डुंगरियाल और राजेश प्रसाद भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस दौरान एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी गई है कि यदि तीन दिन में समाधान नहीं हुआ, तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
संचालकों का आरोप है कि वर्ष 2025 में पालिका प्रशासन ने प्रस्ताव पास कर 14 गोल्फकार्ट आवंटित तो की थीं, लेकिन उनका पंजीकरण और इंश्योरेंस नहीं किया गया। जिससे वे बेरोजगार हो गए। छह महीने से रोजगार छिन जाने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की फीस भरने और मकान का किराया देने का गंभीर संकट पैदा हो गया है। जबकि गोल्फकार्ट से होने वाली आय पहले पालिका को दी जाती थी।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि गोल्फकार्ट का तत्काल पंजीकरण व इंश्योरेंस किया जाए, वर्ष 2024-25 की रिक्शा पुनर्वास योजना को शीघ्र अमलीजामा पहनाया जाए, शेष 107 रिक्शा श्रमिकों का पुनर्वास हो और सीआरसी फंड से जारी तीन करोड़ 36 लाख रुपये की राशि मजदूर हितों में उपयोग की जाए। साथ ही, बेकरी हिल कार पार्किंग पूर्व की भांति हाथ रिक्शा उन्मूलन के तहत मजदूर संघ को सौंपने की मांग भी उठाई गई है।


