मौसम की मार के बाद पटरी पर लौटी आदि कैलाश यात्रा, धारचूला में बढ़ी रौनक

Pahad Update

धारचूला। मौसम की मार और खराब सड़कों की चुनौतियों को पछाड़ते हुए आदि कैलाश यात्रा एक बार फिर पूरी रफ्तार के साथ शुरू हो गई है। मंगलवार सुबह से सैकड़ों श्रद्धालुओं के रवाना होने से धारचूला के बाजारों में रौनक लौट आई है। यात्रा शुरू होने से न केवल श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है, बल्कि स्थानीय होटल, होमस्टे और टैक्सी चालकों के चेहरे खिल उठे हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों मौसम और सड़क की स्थिति के चलते यात्रा में कई बार व्यवधान आया। 20 सितंबर से यात्रा शुरू होने के बाद बीच में तीन दिन यात्रा रद्द रही। लेकिन, अब यात्रा दोबारा गति पकड़ने लगी है। इसका सीधा असर धारचूला के स्थानीय कारोबार पर दिखाई दे रहा है। होटल, होमस्टे, ढाबे, दुकानदारों से लेकर स्थानीय टैक्सी चालकों तक को काम मिलने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा के चलते हर होटल को काम और हर हाथ को रोजगार मिल रहा है। पिछले यात्रा सीजन में करीब 52,260 यात्रियों ने आदिकैलाश की यात्रा की थी। इस बार भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। गत 20 सितंबर से आज तक 5400 से अधिक यात्रा परमिट जारी किए जा चुके हैं।

यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब भी सड़क बनी हुई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदलते ही सड़क मार्ग बाधित हो रहा है, जिससे यात्रा व्यवस्था पर दबाव बढ़ जाता है। सड़क बंद होने पर यात्रियों के साथ स्थानीय कारोबारियों व टैक्सी चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

प्रशासन की ओर से यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण व रखरखाव से जुड़ी एजेंसियों पर भी मार्ग को जल्द से जल्द खोलने व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

प्रशासन का प्रयास है कि मौसम और सड़क की परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों की यात्रा सुरक्षित व सुचारू रूप से संचालित हो।
आशीष जोशी, एसडीएम धारचूला

Share This Article
Leave a comment